रायपुर, 28 जून 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के अवसर पर प्रदेशवासियों, विशेषकर माता-पिता एवं अभिभावकों से 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की दो बूंद दवा अवश्य पिलाने की अपील की है।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि बच्चों के स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए पोलियो की दो बूंद बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक दवा नहीं, बल्कि बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बचाने का प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने सभी अभिभावकों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आग्रह करते हुए कहा कि अपने आसपास भी यह सुनिश्चित करें कि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान को सफल बनाने और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए अपनी जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।


