बिलासपुर। थाना तारबाहर में पहुंचे एक युवक के विवाद को कमाई का जरिया बनाकर पुलिस अधिकारियों को पैसा देने का डर दिखाते हुए लाखों रुपये की उगाही करने वाले गिरोह के खिलाफ तारबाहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है, जबकि गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार, महासमुंद जिले के सरायपाली थाना क्षेत्र के मोहदा निवासी रूपेश पटेल 19 जून को निजी कार्य से बिलासपुर आया था। इस दौरान दो महिला मित्रों के साथ हुए विवाद के बाद वह थाना तारबाहर पहुंचा। थाने में पहुंचने के बाद घबराए रूपेश ने अपने मित्र सचिन मेहर को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
इसी बीच आरोपियों ने मामले का फायदा उठाते हुए रूपेश को पुलिस अधिकारियों के नाम पर डराया-धमकाया। उन्होंने कार्रवाई से बचाने और मामला रफा-दफा कराने का झांसा देकर उससे लाखों रुपये की उगाही कर ली।
पीड़ित की शिकायत पर थाना तारबाहर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई।

.webp)

