रायपुर. छत्तीसगढ़ लोक निर्माण विभाग (PWD) ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने और कामकाज में तेजी लाने के उद्देश्य से एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, कुल 265 अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण किया गया है।
इस फेरबदल में बड़ी संख्या में अभियंताओं को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। जारी सूची के अनुसार, कुल 164 सहायक अभियंताओं (AE) का तबादला किया गया है। इनमें 142 सहायक अभियंता (सिविल) और 22 सहायक अभियंता (विद्युत/यांत्रिक) शामिल हैं।
इसके अतिरिक्त, तकनीकी संवर्ग में भी बड़े पैमाने पर बदलाव किए गए हैं। विभाग द्वारा 71 सहायक मानचित्रकार (सिविल), 10 अनुरेखक (सिविल) और 20 डाटा एंट्री ऑपरेटरों के भी तबादले किए गए हैं।
माना जा रहा है कि यह कार्रवाई राज्य सरकार की प्रशासनिक कसावट लाने की नीति का हिस्सा है, ताकि विभिन्न परियोजनाओं और विभागीय कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके। स्थानांतरित किए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से नई पदस्थापना स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।
इस संबंध में आधिकारिक सूचना जारी कर दी गई है, जिसमें सभी स्थानांतरित कर्मियों की सूची और उनके नवीन पदस्थापना स्थल का विवरण दिया गया है।


