अंबिकापुर. छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय इन दिनों प्रदेश के सभी 33 जिलों के दौरे पर हैं। इसी सिलसिले में 19 अगस्त को जशपुर से अंबिकापुर जाते समय उन्हें सीतापुर और अंबिकापुर क्षेत्र की बदहाल सड़कों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सीतापुर में उनकी गाड़ी गड्ढों में फंस गई और इसके बाद रास्ते में कई जगह सड़क की खराब स्थिति ने उनकी परेशानी बढ़ा दी।
जशपुर से अंबिकापुर के बीच सीतापुर की सड़क के अलावा लुचकी घाट से खरसिया नाका तक सड़क की स्थिति भी खराब बताई गई। लंबे समय से जर्जर सड़कों की स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
## सर्किट हाउस में जताई नाराजगी
अंबिकापुर पहुंचने के बाद सर्किट हाउस में संगठन के पदाधिकारियों और स्थानीय भाजपा नेताओं से मुलाकात के दौरान पवन साय ने सड़कों की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए जनता से जुड़े कामों को प्राथमिकता देने की बात कही।
बताया जा रहा है कि उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) और राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों के साथ-साथ जिले के प्रभारी मंत्री से भी सड़क की स्थिति को लेकर चर्चा की।
## मंत्री राजेश अग्रवाल से भी किया सवाल
पवन साय की नाराजगी अगले दिन भी दिखाई दी। गुरुवार को मंत्री राजेश अग्रवाल उनसे मिलने पहुंचे तो साय ने अंबिकापुर की सड़कों की स्थिति को लेकर सवाल किए। उन्होंने सीतापुर की बदहाल सड़कों और अंबिकापुर शहर की जर्जर सड़कों की स्थिति की जानकारी भी ली।
## नाराजगी के बाद शुरू हुई सड़क की मरम्मत
पवन साय की नाराजगी के बाद अंबिकापुर के खरसिया चौक से दरिमा मोड़ के बीच जर्जर सड़क की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। सड़क के गड्ढों में गिट्टियां डालकर उन्हें समतल किया जा रहा है।
हालांकि, स्थानीय स्तर पर इस तरह की मरम्मत को लेकर सवाल भी उठ रहे हैं। इससे पहले भी गड्ढों को इसी तरह भरने का काम किया जा चुका है, लेकिन कुछ समय बाद सड़क की स्थिति दोबारा खराब हो गई। ऐसे में स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थायी समाधान के बजाय केवल गड्ढों की फिलिंग से समस्या का समाधान नहीं होगा।
सड़कों की बदहाली लंबे समय से आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। अब देखना होगा कि मौजूदा मरम्मत के बाद सड़क की स्थिति में कितना
स्थायी सुधार होता है।


.webp)
