साउथ अफ्रीका में 4 से 12 जुलाई तक आयोजित एशिया-पैसिफिक पावरलिफ्टिंग चैंपियनशिप 2026 में भारतीय खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता में भारतीय दल के अन्य खिलाड़ियों ने भी बेहतरीन खेल दिखाते हुए देश को पदक दिलाने में कामयाबी हासिल की। इसी बीच बिलासपुर के प्रियंक मिश्रा का प्रदर्शन सबसे खास रहा, जिन्होंने अपनी पहली ही इंटरनेशनल प्रतियोगिता में उतरते हुए शानदार 'डबल धमाका' किया और भारत की झोली में दो पदक डाल दिए। प्रियंक ने प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 605 किलोग्राम का वजन उठाया और यह सफलता हासिल की।
शानदार लिफ्टिंग के साथ जीते दो पदकप्रतियोगिता के पहले चरण में 7 जुलाई को प्रियंक ने इक्विप्ड कैटेगरी में शानदार खेल दिखाते हुए स्वर्ण पदक (Gold Medal) अपने नाम किया था। इसके बाद, शनिवार 11 जुलाई को दूसरे दौर की क्लासिक (Unequipped) प्रतियोगिता के 93 किलोग्राम भार वर्ग में प्रियंक ने भारत के लिए कांस्य पदक (Bronze Medal) जीता। अपनी पहली ही अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में गोल्ड और ब्रॉन्ज की यह दोहरी सफलता छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और प्रियंक की यह बड़ी जीत वाकई काबिले-तारीफ है। अपनी इस सफलता पर प्रियंक मिश्रा ने सबसे पहले छत्तीसगढ़ शासन और माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया। प्रियंक ने कहा, "मैं छत्तीसगढ़ सरकार और विशेष रूप से माननीय उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव जी का हृदय से धन्यवाद करता हूँ। खेल के प्रति उनके लगाव, व्यक्तिगत सहयोग और अमूल्य आशीर्वाद के बिना मेरा इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेना और पदक जीतना नामुमकिन था। उनके इसी व्यक्तिगत प्रोत्साहन और संबल की बदौलत आज मैं विदेशी धरती पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर पाया हूँ। इसके पश्चात,अपने समग्र ब्राम्हण समाज संग परशु सेना बिलासपुर,के विनय शर्मा और जितेंद्र चौबे,पीयूष गौरहा,अमर यादव सहित प्रियंक ने अपने कोच आसिफ अली और भारतीय टीम के कोच श्री कृष्णा साहू के प्रति विशेष रूप से आभार व्यक्त किया, जिनके मार्गदर्शन और कठिन अभ्यास की बदौलत वे इस मुकाम तक पहुंचे। उन्होंने अपनी तैयारी में हौसला बढ़ाने वाले सभी साथी खिलाड़ियों का भी धन्यवाद किया।साथ ही, प्रियंक ने पावरलिफ्टिंग इंडिया के अध्यक्ष श्री सतीश कुमार कुदरीली और जनरल सेक्रेटरी (अर्जुन अवार्डी) श्री पीजे जोसफ का शुक्रिया अदा किया, जिन्होंने उन्हें भारतीय टीम में अवसर दिया। उन्होंने छत्तीसगढ़ पावरलिफ्टिंग एसोसिएशन (CGPLA) के मुख्य संरक्षक श्री जी सुरेश (बाबे), अध्यक्ष श्री कैलाश जैन बरमेचा सहित सभी पदाधिकारियों और बिलासपुर के साथी खिलाड़ियों, शुभचिंतकों का भी दिल से आभार जताया।


