केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में जनदर्शन कार्यक्रम एवं दिशा (DISHA) समिति की बैठक में की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा,किसानों से बिजली तक... दिशा की बैठक में विकास की बड़ी प्राथमिकताएं तय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दिए जरूरी निर्देश

copyright

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर में जनदर्शन कार्यक्रम एवं दिशा (DISHA) समिति की बैठक में की जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा,किसानों से बिजली तक... दिशा की बैठक में विकास की बड़ी प्राथमिकताएं तय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने दिए जरूरी निर्देश

 





भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू ने आज अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में आमजन से भेंट कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं मांगों को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए कलाकारों, खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों एवं नागरिकों से आत्मीय संवाद किया तथा प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।



इसके उपरांत श्री साहू ने जिला प्रशासन परिसर स्थित मंथन सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकास परियोजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।


बैठक में श्री साहू ने अधिकारियों को सभी योजनाओं का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शासन की प्रत्येक योजना का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुँचना चाहिए। उन्होंने सुशासन तिहार के दौरान प्राप्त आवेदनों के शत-प्रतिशत निराकरण, स्मार्ट सिटी सलाहकार समिति की नियमित बैठक आयोजित करने तथा जनप्रतिनिधियों की सहभागिता से स्वच्छता अभियान संचालित करने पर विशेष बल दिया।


कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने किसानों को खाद एवं बीज की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने, जैविक खेती को बढ़ावा देने तथा कृषि योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने हेतु कार्ययोजना तैयार करने, विद्यालयों के प्राचार्यों एवं पालकों के साथ नियमित बैठक आयोजित करने तथा बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण विकसित करने के निर्देश दिए।


बिजली व्यवस्था की समीक्षा के दौरान श्री साहू ने आगामी वर्ष विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए अग्रिम कार्ययोजना तैयार करने तथा स्वीकृत विद्युत परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश दिए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों में गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने पर भी उन्होंने जोर दिया।


ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए श्री साहू ने विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (VB-GRAM), प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना तथा अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने जल संरक्षण कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने, जर्जर स्कूल एवं आंगनबाड़ी भवनों के लिए आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने तथा पंचायत भवन विहीन ग्राम पंचायतों के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा।


बैठक में स्मार्ट सिटी मिशन, जल जीवन मिशन, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, कौशल विकास, जल संसाधन, पशुधन एवं डेयरी विकास, सड़क परिवहन तथा अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। श्री साहू ने अधिकारियों को जनहित से जुड़े सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से सुशासन को और सशक्त बनाने के निर्देश दिए।


बैठक में विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री सुशांत शुक्ला, श्री अटल श्रीवास्तव, श्री दिलीप लहरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
content://com.whatsapp.provider.media/item/c3877cfc-ac4a-420a-b403-abbe10652ccd content://com.whatsapp.provider.media/item/7eceb051-7fa2-4c59-b61b-4a5d53ada0f9