*कांकेर/बिलासपुर.
भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की मुहिम के तहत शनिवार को कांकेर में बड़ी कार्रवाई हुई। जगदलपुर और रायपुर की संयुक्त टीम ने स्टेट GST विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को 1.50 लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में बिचौलिए इमरान मेमन को भी दबोचा गया है। दबिश के दौरान रिश्वत के नोट नाली में फेंके जाने की चर्चा रही, हालांकि टीम ने रकम बरामद कर ली।
**ट्रक रोका, फिर मांगी घूस**
मामला कांकेर के संजय नगर निवासी कबाड़ कारोबारी शोएब रंगरेज से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, 18 नवंबर को ई-वे बिल के मामले में उनका ट्रक रोक लिया गया था। वाहन छोड़ने और GST प्रकरण में राहत देने के एवज में 1.50 लाख रुपए की मांग की जा रही थी। घूस न देने पर चालानी कार्रवाई की धमकी दी जा रही थी। कारोबारी ने रिश्वत देने के बजाय ACB से शिकायत की।
**संयुक्त टीम ने बिछाया जाल**
शिकायत के सत्यापन के बाद ट्रैप की योजना बनाई गई। शनिवार दोपहर करीब दो बजे रायपुर और जगदलपुर की 18 सदस्यीय टीम ने आदर्श नगर स्थित अधिकारी के निवास पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान घूस की राशि नाली में फेंकने की बात सामने आई, जिसे ACB ने बरामद कर लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।

.jpg)
