बिलासपुर, 16 जून. जिले में अवैध कबाड़ कारोबार के खिलाफ पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कबाड़ माफिया के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है।
बिल्हा थाना क्षेत्र के आमापारा इलाके में देर रात की गई छापेमारी के दौरान टीम ने करीब 83 क्विंटल 15 किलोग्राम अवैध कबाड़ बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 14 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है।
छापेमारी के दौरान मौके से 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें मुख्य आरोपी इमरान कुरैशी सहित अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई में दो वाहन भी जब्त किए हैं, जिनमें एक छोटा हाथी (CG 10 BP 3903) और एक पिकअप (CG 10 BZ 1208) शामिल है।
बरामद कबाड़ में रेलवे लाइन से जुड़े महत्वपूर्ण लोहे के हिस्से जैसे लाइनर, प्लेट, एंगल, पाइप और अन्य सामग्री पाई गई है, जिससे रेलवे संपत्ति की चोरी की आशंका और मजबूत हुई है।
पुलिस के अनुसार, उन्हें मुखबिर से सूचना मिली थी कि इलाके में बड़ी मात्रा में चोरी का कबाड़ एकत्र कर वाहनों में लोड किया जा रहा है। सूचना के आधार पर बिल्हा थाना प्रभारी तोपसिंह नवरंग के नेतृत्व में रेलवे सुरक्षा बल के साथ संयुक्त टीम बनाकर यह कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान मौके पर भगदड़ की स्थिति भी बनी, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को पकड़ लिया। जब आरोपियों से बरामद सामान के दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।
यह पूरी कार्रवाई “ऑपरेशन प्रहार” के तहत की गई है, जिसके तहत रेलवे संपत्ति की चोरी और अवैध कबाड़ कारोबार पर लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है।
फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी का यह कबाड़ आखिर कहां से लाया जा रहा था और इसके पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

.webp)
