रायगढ़। सड़क सुरक्षा और परिवहन व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक बड़े फर्जीवाड़े का रायगढ़ में पर्दाफाश हुआ है। पुलिस और परिवहन विभाग (RTO) की संयुक्त कार्रवाई में भारी व्यावसायिक वाहनों (Heavy Vehicle) के ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वाले कथित रैकेट का खुलासा हुआ है। कार्रवाई के दौरान करीब 180 संदिग्ध ड्राइविंग लाइसेंसों से जुड़े दस्तावेज जब्त किए गए हैं, जिनकी गहन जांच की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, विभाग को प्राप्त शिकायत में आरोप लगाया गया था कि शहर में संचालित एक ट्रेवल्स एजेंसी के माध्यम से पड़ोसी राज्य ओडिशा समेत अन्य राज्यों के आवेदकों के लिए कथित रूप से फर्जी स्थानीय दस्तावेज तैयार किए जा रहे थे। इन दस्तावेजों के आधार पर बाहरी राज्यों के चालकों को रायगढ़ का निवासी दर्शाकर ड्राइविंग लाइसेंस जारी करवाए जाने की आशंका जताई गई थी।


