अंबिकापुर। रायपुर नेशनल हाईवे पर मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। यह दुर्घटना मणिपुर थाना क्षेत्र के भिट्ठीकलां गांव स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के पास हुई, जहां तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक नियंत्रण खोने के बाद वाहन सीधे सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ा। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना में कार सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा मृतक की पहचान और हादसे के अन्य कारणों की पड़ताल की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर खड़े वाहनों और तेज रफ्तार के कारण बढ़ रहे सड़क हादसों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा उपायों को और मजबूत करने की मांग की है।


