बिलासपुर। बिलासपुर में मोबाइल उपभोक्ताओं के निजी डेटा की अवैध खरीद-फरोख्त और लोन के नाम पर कॉल कर लोगों को झांसा देने वाले एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। इस पूरे मामले का पर्दाफाश तब हुआ, जब बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग के मोबाइल पर भी लोन ऑफर का कॉल पहुंच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए IG ने तत्काल जांच के निर्देश दिए, जिसके बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
शिकायत के बाद शुरू हुई जांच
जानकारी के अनुसार, 22 जून को पुलिस लाइन निवासी रविकांत दुबे ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अग्रसेन चौक स्थित ट्रस्ट फाइनेंशियल सर्विसेस के कर्मचारी अवैध रूप से जुटाए गए मोबाइल नंबरों पर कॉल कर पर्सनल, होम, बिजनेस और वाहन लोन दिलाने का झांसा दे रहे हैं।
इसी दौरान IG रामगोपाल गर्ग के मोबाइल पर भी इसी तरह का कॉल पहुंचा। मामला सामने आने के बाद उन्होंने स्वयं इसकी निगरानी करते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए।


