बिलासपुर. आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट की तथा उनकी समस्याओं, मांगों एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना।इस दौरान मंत्री साहू ने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
साहू ने इस अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा किए गए ईंधन संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण के आह्वान को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने नागरिकों से ईंधन की बचत, सार्वजनिक परिवहन के उपयोग, कार पूल, साइकिल तथा पर्यावरण अनुकूल जीवनशैली को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि संसाधनों की बचत और राष्ट्रहित में छोटी-छोटी जिम्मेदारियों का निर्वहन ही सच्ची राष्ट्रसेवा है। प्रत्येक नागरिक यदि अपने स्तर पर जागरूकता और जिम्मेदारी का परिचय दे, तो स्वच्छ, हरित एवं विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को और अधिक गति मिल सकती है।

