मुंगेली एवं पथरिया में नव-मनोनीत एल्डरमेन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ,केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने दिलाई शपथ, कहा— सशक्त नगर निकाय ही विकसित भारत की मजबूत नींव

copyright

मुंगेली एवं पथरिया में नव-मनोनीत एल्डरमेन ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ,केंद्रीय राज्यमंत्री श्री तोखन साहू ने दिलाई शपथ, कहा— सशक्त नगर निकाय ही विकसित भारत की मजबूत नींव

 




मुंगेली/पथरिया, छत्तीसगढ़.भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा सांसद श्री तोखन साहू ने शनिवार को मुंगेली जिले के नगर पालिका परिषद मुंगेली एवं नगर पंचायत पथरिया में आयोजित नव-मनोनीत एल्डरमेन के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने सभी नव-मनोनीत एल्डरमेन को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई तथा जनसेवा, सुशासन और नगर विकास के प्रति पूर्ण निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।



नगर पालिका परिषद मुंगेली के सरदार वल्लभभाई पटेल सभा भवन में आयोजित समारोह में डॉ. संजय वर्मा, डॉ. लेखू साहू, श्री अमितेश आर्य, श्री राजहंश तम्बोली एवं श्री खेमराज मोहले ने एल्डरमेन के रूप में शपथ ग्रहण की। वहीं नगर पंचायत पथरिया के मंगल भवन में आयोजित समारोह में  उमेश यादव,  गंगाराम साहू एवं  नरेन्द्र गुप्ता ने एल्डरमेन के रूप में अपने दायित्वों का निर्वहन करने की शपथ ली।


समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्यमंत्री  तोखन साहू ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति स्थानीय स्वशासन संस्थाओं में निहित है। नगर निकाय नागरिकों की मूलभूत आवश्यकताओं से जुड़े निर्णय लेते हैं और विकास की दिशा तय करते हैं। उन्होंने कहा कि पार्षद जनता और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण सेतु होते हैं, जबकि एल्डरमेन अपने अनुभव, मार्गदर्शन और सकारात्मक सुझावों से निकायों को अधिक पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहितकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


उन्होंने कहा कि सभी नव-मनोनीत एल्डरमेन को जनविश्वास पर खरा उतरते हुए नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी एल्डरमेन सेवा, समर्पण और उत्तरदायित्व की भावना के साथ कार्य करते हुए नगरों के विकास को नई दिशा देंगे।


श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में 'विकसित भारत-2047' के संकल्प को साकार करने के लिए नगर निकायों को और अधिक सशक्त बनाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट में भी शहरी विकास को विशेष प्राथमिकता दी गई है, जिससे आधुनिक, सुव्यवस्थित एवं नागरिक-केंद्रित शहरों के निर्माण को गति मिलेगी।


कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के हितग्राहियों को उनके नए पक्के मकानों की चाबियाँ भी सौंपीं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र परिवार को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराना प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 'सभी के लिए आवास' के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है।


इसके उपरांत श्री तोखन साहू ने मुंगेली जिले के ग्राम गिदहा में 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ सम्मान का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिकाधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वच्छ एवं हरित भारत का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है।


इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, नगर निकायों के पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
content://com.whatsapp.provider.media/item/c3877cfc-ac4a-420a-b403-abbe10652ccd content://com.whatsapp.provider.media/item/7eceb051-7fa2-4c59-b61b-4a5d53ada0f9