रांची, 09 जुलाई 2026.भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने अपने झारखंड प्रवास के दौरान रांची स्थित राज्य अतिथि गृह में झारखंड सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न प्रमुख योजनाओं की व्यापक समीक्षा की। बैठक में शहरी प्रशासन, नगर विकास एवं आवास विभाग की निदेशक श्रीमती नैन्सी सहाय, मिशन निदेशकगण एवं रांची स्मार्ट सिटी के महाप्रबंधक सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-शहरी (PMAY-U 2.0), स्वच्छ भारत मिशन-शहरी (SBM-U 2.0), अमृत 2.0 तथा पीएम स्वनिधि योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए श्री साहू ने अधिकारियों को सभी परियोजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने हटिया रेलवे स्टेशन के समीप निवासरत झुग्गीवासियों के पुनर्वास के लिए अफोर्डेबल हाउसिंग इन पार्टनरशिप घटक को प्राथमिकता देने तथा औद्योगिक नगरों में श्रमिकों के लिए अफोर्डेबल रेंटल हाउसिंग के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत रेहड़ी-पटरी व्यवसायियों को शीघ्र क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
श्री साहू ने स्वच्छ भारत मिशन-शहरी एवं अमृत 2.0 के अंतर्गत सभी लंबित एवं प्रगतिरत परियोजनाओं को मार्च 2027 तक पूर्ण करने तथा राज्य की सभी लेगेसी वेस्ट डंप साइटों का वैज्ञानिक रिमेडिएशन दिसंबर 2026 तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित ठेकेदार भुगतान शीघ्र जारी करने, सामुदायिक एवं सार्वजनिक शौचालयों की निविदाएँ अगस्त 2026 तक जारी करने तथा स्वच्छता अवसंरचना के बेहतर संचालन हेतु आईओटी आधारित मॉनिटरिंग प्रणाली अपनाने पर भी बल दिया।
रांची में अपशिष्ट जल प्रबंधन की समीक्षा करते हुए उन्होंने बिना उपचारित अपशिष्ट जल के जलाशयों में प्रवाह को पूर्णतः रोकने के निर्देश दिए। वर्तमान सीवेज शोधन क्षमता को अपर्याप्त बताते हुए उन्होंने प्रस्तावित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। साथ ही रांची स्मार्ट सिटी द्वारा विकसित ग्रीनफील्ड परियोजनाओं की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य उन्मुख शहरी विकास का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इसके उपरांत श्री साहू ने सीपीडब्ल्यूडी, हडको एवं एनबीसीसी के अधिकारियों के साथ पृथक समीक्षा बैठक कर निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति का आकलन किया तथा सभी कार्यों को उच्च गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अर्बन चैलेंज फंड के प्रभावी उपयोग पर भी बल दिया।
प्रवास के दौरान श्री साहू ने रांची स्थित कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट एवं लेगेसी वेस्ट डंप साइट का निरीक्षण कर बायोमाइनिंग एवं वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को दिसंबर 2026 तक डंप साइट के पूर्ण वैज्ञानिक निष्पादन के निर्देश दिए तथा पुनर्स्थापित भूमि पर आयोजित वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता कर पर्यावरण संरक्षण एवं सतत शहरी विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
बाद में श्री साहू ने चतरा जिले में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता श्री बिंदेश्वर साहू के निवास पहुँचकर उनकी दिवंगत माताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की एवं शोक संतप्त परिवार से भेंट कर संवेदनाएँ व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों से भी संवाद किया। चतरा प्रवास के दौरान उनके साथ सिमरिया विधायक श्री कुमार उज्ज्वल दास उपस्थित रहे।
दिन के समापन पर श्री तोखन साहू ने माँ बागेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर झारखंड की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।
श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार स्वच्छ, समावेशी, आधुनिक एवं सतत शहरों के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है तथा आवासन, स्वच्छता एवं शहरी अधोसंरचना से जुड़ी सभी योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

.webp)
