रायपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क पर क्राइम ब्रांच ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दुबई से “नसीब बुक” नाम का ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क चलाने वाले आरोपी सोनू फतनानी को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से विदेश में बैठकर इस अवैध कारोबार को ऑपरेट कर रहा था।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को आरोपी की मूवमेंट की सूचना मिली थी। इसके बाद तिल्दा पहुंचने के दौरान टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से करीब 9 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन और करोड़ों रुपये के ट्रांजैक्शन से जुड़े दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस का कहना है कि “नसीब बुक” के जरिए छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क फैलाया गया था। इस एप और नेटवर्क के माध्यम से बड़ी संख्या में लोग जुड़े हुए थे। जांच एजेंसियां अब इस मामले में जुड़े अन्य लोगों और पैसों के लेन-देन की जानकारी जुटाने में लगी हैं।
क्राइम ब्रांच अब आरोपी के डिजिटल रिकॉर्ड, बैंकिंग डिटेल और इंटरनेशनल कनेक्शन की भी जांच कर रही है। माना जा रहा है कि इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े नाम सामने आ सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।


