copyright

रायपुर में आधी रात बम से हमला, चाकू लेकर गली में उतरे बदमाश, नकाबपोश लड़कियों की भी एंट्री





24 May रायपुर.  रायपुर के कबीर नगर थाना इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब वीर सावरकर नगर, हीरापुर में एक घर पर कथित तौर पर बम फेंककर हमला किया गया। धमाके की तेज आवाज सुनते ही पूरा मोहल्ला दहल उठा और लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। घटना के बाद इलाके में देर रात तक तनाव का माहौल बना रहा।







पीड़िता रिंकू तिवारी ने आरोप लगाया है कि पुराने विवाद के चलते सोनू पटेल अपने साथियों के साथ उनके घर पहुंचा और अचानक हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर के बाहर बम फेंका और फिर चाकू लहराते हुए लोगों को डराने-धमकाने की कोशिश की। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वारदात के दौरान कुछ नकाबपोश युवतियां भी हमलावरों के साथ दिखाई दीं, जो घटना के तुरंत बाद वहां से भाग निकलीं।

बताया जा रहा है कि रिंकू तिवारी के बेटे शुभम तिवारी और आरोपी सोनू पटेल के परिवार के बीच पिछले कई महीनों से विवाद चल रहा था। करीब छह महीने पहले शुभम पर सोनू पटेल की नाबालिग बहन से छेड़छाड़ का आरोप लगा था। इसी मामले में वह जेल गया था और फिलहाल जमानत पर बाहर है। इसके बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव लगातार बना हुआ था।

घटना रात करीब 12 बजे की बताई जा रही है। धमाके के बाद आसपास के लोग सहम गए। कई लोगों ने अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, जबकि कुछ लोग मौके पर जमा हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर काफी आक्रामक थे और इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे थे।

सूचना मिलते ही कबीर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने रिंकू तिवारी की शिकायत पर सोनू पटेल और उसके साथियों के खिलाफ बमबाजी, धमकी समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मौके से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जा सके।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
content://com.whatsapp.provider.media/item/c3877cfc-ac4a-420a-b403-abbe10652ccd content://com.whatsapp.provider.media/item/7eceb051-7fa2-4c59-b61b-4a5d53ada0f9