आवास एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने आज मुंगेली जिले के ग्राम पौनी एवं ग्राम सरगांव में आयोजित भक्त माता कर्मा जयंती कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस अवसर पर उन्होंने साहू समाज के सामाजिक एवं सांस्कृतिक सशक्तिकरण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
साहू ने ग्राम पौनी में 10 लाख रुपये एवं ग सरगांव में 15 लाख रुपये की लागत से साहू समाज के सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ये भवन समाज के सामाजिक समागम, सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं सामुदायिक गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित होंगे, जिससे समाज की एकजुटता और संगठनात्मक शक्ति को मजबूती मिलेगी।
तोखन साहू ने भक्त माता कर्मा के जीवन और आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि माता कर्मा साहू समाज की आस्था, परिश्रम, त्याग और सामाजिक सम्मान की प्रतीक हैं। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज निरंतर प्रगति और सेवा के मार्ग पर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि माता कर्मा के आदर्श केवल साहू समाज ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
इसके पश्चात राज्य मंत्री ने नगर पालिका परिषद बोदरी में विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इनमें लगभग 99.97 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन नगर पालिका कार्यालय भवन, 25 लाख रुपये की लागत से साहू समाज के सामुदायिक भवन तथा 16.92 लाख रुपये की लागत से निर्मित आकांक्षी शौचालय शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।
राज्य मंत्री ने कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के अनुरूप सरकार समाज के सभी वर्गों के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे व्यापक विकास कार्यों का उल्लेख किया।

.jpeg)
