बिलासपुर, छत्तीसगढ़. आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने ‘मातृ दिवस’ के अवसर पर अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम से पूर्व पूजनीय माता जी का स्मरण कर उनके दिए हुए संस्कारों, स्नेह एवं प्रेरणाओं को नमन किया।
मंत्री साहू ने कहा कि भारतीय संस्कृति में मातृशक्ति को सर्वोच्च स्थान प्राप्त है तथा मां का स्नेह, अनुशासन और मार्गदर्शन जीवन को सही दिशा प्रदान करता है। उन्होंने सभी माताओं के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए समाज में पारिवारिक मूल्यों एवं संस्कारों को सशक्त बनाए रखने का आह्वान किया।
तत्पश्चात आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में मंत्री साहू ने क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट कर उनकी समस्याएं एवं मांगें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

.jpeg)
