तखतपुर (बिलासपुर)। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने बिलासपुर जिले के तखतपुर में आयोजित अखिल भारतीय चरित मानस सम्मेलन एवं श्रीमद्भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ में सम्मिलित होकर संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा रामकथा और भागवत कथा का श्रवण किया।
तखतपुर (बिलासपुर). इस अवसर पर साहू ने कहा कि रामचरितमानस केवल एक धार्मिक ग्रंथ ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, मर्यादा, कर्तव्य और आदर्श जीवन मूल्यों का महान मार्गदर्शक है। यह ग्रंथ समाज को नैतिकता, सदाचार और लोककल्याण की प्रेरणा देता है तथा समाज में सद्भाव और संस्कारों को सुदृढ़ करता है।
उन्होंने कहा कि आज देश में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक चेतना का नया जागरण देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की धार्मिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण और विकास के लिए अभूतपूर्व कार्य किए जा रहे हैं। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा इस सांस्कृतिक पुनर्जागरण का ऐतिहासिक प्रतीक बन गई है।
साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में काशी विश्वनाथ धाम, महाकाल लोक, सोमनाथ मंदिर, केदारनाथ धाम और बद्रीनाथ धाम सहित देश के अनेक प्राचीन तीर्थस्थलों का पुनरुद्धार और भव्य विकास किया गया है। इन कार्यों से भारत की आध्यात्मिक विरासत को नई पहचान मिली है तथा देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में भी वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि रामचरितमानस जैसे पवित्र ग्रंथ समाज को नैतिकता, कर्तव्य और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और आदर्शों से जोड़ने का कार्य करते हैं। ऐसे धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा, एकता और संस्कारों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान साहू ने संत-महात्माओं से आशीर्वाद प्राप्त कर आयोजन समिति को इस सफल आयोजन के लिए बधाई दी तथा भगवान श्रीराम से देश और समाज की सुख-समृद्धि और शांति के लिए प्रार्थना की।



