रायपुर, 16 नवंबर 2026. खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। जिले के धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की उपज की खरीदी शुरू होने के साथ ही खेती-किसानी की मेहनत को उचित मूल्य दिलाने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। धान खरीदी के पहले दिन किसानों के सम्मान और उनकी सुविधाओं को विशेष महत्व दिया गया।
जिले के सेवा सहकारी समिति मर्यादित कोतरी स्थित धान उपार्जन केंद्र में कलेक्टर ने कांटा-बांट और धान की ढेरी की विधिवत पूजा-अर्चना कर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर धान विक्रय के लिए पहुंचे किसानों का पुष्पमाला पहनाकर एवं तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। कलेक्टर ने किसानों को नवीन खरीफ विपणन वर्ष में धान खरीदी प्रारंभ होने की शुभकामनाएं देते हुए भरोसा दिलाया कि उपार्जन केंद्रों में उनकी सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाएगा।
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्र का निरीक्षण कर धान खरीदी से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसानों को धान विक्रय के दौरान अनावश्यक प्रतीक्षा, तकनीकी परेशानी अथवा अन्य किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बारदानों की पर्याप्त उपलब्धता, तौल मशीनों की सटीकता, नमी मापक यंत्रों की कार्यशीलता तथा किसानों के लिए पेयजल और छाया जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि वास्तविक किसानों, विशेषकर छोटे किसानों को धान खरीदी व्यवस्था का समुचित लाभ दिलाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खरीदी प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को धान के अवैध भंडारण, बिचौलियों की गतिविधियों तथा खरीदी प्रक्रिया में संभावित अनियमितताओं पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। किसी भी स्तर पर गड़बड़ी अथवा बिचौलियों की संलिप्तता पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि धान उपार्जन केंद्रों में किसानों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। खरीदी कार्य से जुड़े सभी अधिकारी-कर्मचारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और संपूर्ण प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो सके।

.jpg)
