इंदौर, 5 सितंबर 2026. आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने इंदौर के ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित ₹2,850 करोड़ लागत वाले इंदौर मेट्रो कॉरिडोर के शुभारंभ कार्यक्रम में भाग लिया। कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव तथा नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
इंदौर, 5 सितंबर 2026. गांधी नगर से मालवीय नगर चौराहा तक कॉरिडोर के शुभारंभ के साथ इंदौर मेट्रो का परिचालन नेटवर्क लगभग 6.3 किमी से बढ़कर 17.5 किमी हो गया है। विस्तारित कॉरिडोर में 16 स्टेशन शामिल हैं, जो शहर के प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक एवं संस्थागत क्षेत्रों के साथ बस स्टैंड को भी बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेंगे।
इस अवसर पर श्री तोखन साहू ने इंदौरवासियों को मेट्रो सेवा के विस्तार के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम शहरों में बेहतर कनेक्टिविटी, आर्थिक अवसरों और नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
*डबल इंजन सरकार के संकल्प का परिणाम है इंदौर मेट्रो का विस्तार*
श्री साहू ने कहा, “इंदौर मेट्रो का विस्तार डबल इंजन सरकार के मजबूत संकल्प और केंद्र एवं मध्य प्रदेश सरकार के बीच बेहतर समन्वय का प्रमाण है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में देश का शहरी अधोसंरचना क्षेत्र अभूतपूर्व परिवर्तन का साक्षी बन रहा है। ₹2,850 करोड़ का यह मेट्रो कॉरिडोर नागरिकों को सुरक्षित, सुविधाजनक और कुशल सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के साथ इंदौर के आर्थिक विकास को भी गति देगा। यह विकसित इंदौर, विकसित मध्य प्रदेश और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।”
इंदौर मेट्रो को व्यापक क्षेत्रीय कनेक्टिविटी के दृष्टिकोण से भी विकसित किया जा रहा है। उज्जैन, पीथमपुर, महू सहित अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से बेहतर संपर्क की परिकल्पना इंदौर को मध्य प्रदेश के प्रमुख आर्थिक एवं शहरी केंद्र के रूप में और मजबूत करेगी।
*गोगा नवमी पर छड़ी पूजन में हुए शामिल*
गोगा नवमी के अवसर पर श्री साहू ने इंदौर के राज्यसभा सांसद श्री उमेश बलयोगी जी महाराज के निवास पर आयोजित छड़ी पूजन कार्यक्रम में भी सहभागिता की। उन्होंने गोगा जी महाराज की विरासत और भारतीय सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं में उनके श्रद्धेय स्थान को स्मरण किया।
*शिक्षक दिवस पर शिक्षकों को दी शुभकामनाएं*
शिक्षक दिवस के अवसर पर श्री तोखन साहू ने देशभर के सभी शिक्षकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि शिक्षक राष्ट्र के युवाओं को संस्कार, ज्ञान और सही दिशा प्रदान कर सशक्त राष्ट्र के निर्माण की मजबूत नींव तैयार करते हैं।


.webp)
