रायपुर (छत्तीसगढ़ टाइम्स)। राजधानी रायपुर के जोंरा वार्ड क्रमांक 51 स्थित एक सरकारी राशन दुकान में खाद्य वितरण में बड़ी गड़बड़ी का पर्दाफाश हुआ है। ई-पॉस मशीन में हितग्राहियों का अंगूठा लगवाकर एंट्री दर्ज करने के बावजूद उन्हें राशन नहीं दिया गया। मामले में खाद्य विभाग की लिखित शिकायत पर पुलिस ने दुकान संचालक टोपीश्वर साहू (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
अक्टूबर माह का राशन डकारने का आरोप
जानकारी के अनुसार, राशन दुकान (आईडी 442001026) के संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इस पर खाद्य विभाग की टीम ने दुकान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई हितग्राहियों ने बताया कि उन्हें अक्टूबर महीने का पीडीएस चावल और शक्कर वितरित नहीं किया गया है।
250 कार्डों पर एंट्री, लेकिन स्टॉक खाली
विभागीय जांच में राशन दुकान से करीब 265 राशन कार्ड बरामद हुए। जांच में सामने आया कि दुकान संचालक टोपीश्वर साहू हितग्राहियों के राशन कार्ड अपने पास जमा करा लेता था और ई-पॉस (e-POS) मशीन में उनका बायोमेट्रिक सत्यापन भी करवा लेता था। इसके बावजूद हितग्राहियों को चावल और शक्कर नहीं दी जाती थी।
मशीन और रिकॉर्ड खंगालने पर लगभग 250 राशन कार्डों की एंट्री दर्ज पाई गई, जबकि भौतिक सत्यापन में दुकान का चावल का स्टॉक गायब मिला।
कार्रवाई से राशन माफियाओं में हड़कंप
हितग्राहियों के हक का खाद्यान्न गबन करने के स्पष्ट प्रमाण मिलने के बाद खाद्य विभाग ने आरोपी संचालक के खिलाफ पुलिस में मामला दर्ज कराया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी टोपीश्वर साहू को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहाँ से उसे जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद से क्षेत्र के अन्य राशन दुकान संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।


