आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ पर आयोजित बैठक में सहभागिता की। रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित इस बैठक में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साई , मंत्रिगण एवं जनप्रतिनिधियों के साथ अधिनियम से जुड़े जागरूकता अभियान को व्यापक स्तर पर जन-जन तक पहुंचाने के विषय में विस्तृत चर्चा की गई।
इस अवसर पर साहू ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित होने वाला विशेष संसद सत्र ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के संदर्भ में ऐतिहासिक एवं अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह अधिनियम महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नए युग का सूत्रपात करेगा तथा लोकतांत्रिक भागीदारी को और अधिक सुदृढ़ बनाएगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में मातृशक्ति के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निरंतर कार्य किया जा रहा है। ‘जनादेश परब’ के अवसर पर वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाया जा रहा है, वहीं महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा रहा है।
श्री साहू ने कहा कि सशक्त नारी ही सशक्त राष्ट्र की आधारशिला है। उन्होंने इस ऐतिहासिक पहल के लिए माननीय प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से अपील की कि मातृशक्ति के सम्मान एवं सशक्तिकरण के इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

.jpeg)
