रायपुर. राजधानी रायपुर में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर पालिका निगम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुशालपुर रिंग रोड नंबर-1 स्थित बिना अनुमति निर्मित एक व्यावसायिक भवन को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-5 और नगर निवेश विभाग की संयुक्त टीम ने की।
जानकारी के अनुसार, लगभग 1500 वर्गफुट भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के जी+1 मंजिला व्यावसायिक भवन का निर्माण किया गया था। निर्माणकर्ता सुनील खंडेलवाल को पहले ही नोटिस जारी कर निर्माण कार्य रोकने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद निर्माण जारी रहने पर नगर निगम ने सख्त कदम उठाते हुए जेसीबी मशीन की मदद से पूरे अवैध निर्माण को जमींदोज कर दिया।
नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणकर्ताओं पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी प्रकार की अवैध निर्माण गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

.webp)
.webp)
