गोरखपुर. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू ने गोरखपुर प्रवास के दौरान केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में संचालित “12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के” अभियान के अंतर्गत आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता की तथा प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण एवं विकास की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया।
साहू ने गोरखपुर में आयोजित स्वच्छता अभियान में सहभागिता कर स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प को रेखांकित किया।इसी क्रम में उन्होंने “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण अभियान में सहभागिता कर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं प्रकृति संवर्धन का संदेश दिया। उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया।
विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत श्री साहू ने गोरखपुर के विभिन्न वार्डों में जाकर प्रबुद्ध एवं प्रतिष्ठित नागरिकों से आत्मीय भेंट एवं जनसंपर्क किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार के पिछले 12 वर्षों की ऐतिहासिक उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं तथा विकसित भारत के संकल्प पर आधारित पुस्तिका भेंट की और समाज के जागरूक नागरिकों की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर सार्थक संवाद किया।
श्री साहू ने नगर निगम गोरखपुर में आयोजित “12 साल विकास के, विश्वास के, जनकल्याण के — विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” में भी सहभागिता की। सम्मेलन में उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि योजना, हर घर जल, डिजिटल इंडिया, किसान सम्मान निधि एवं महिला सशक्तिकरण जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं के व्यापक प्रभाव पर प्रकाश डाला।
प्रवास के दौरान श्री साहू ने एम्स गोरखपुर का भी भ्रमण किया तथा अस्पताल की व्यवस्थाओं, कार्यप्रणाली एवं स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल में भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण, सुलभ एवं संवेदनशील स्वास्थ्य सेवाएं प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने पूर्वांचल क्षेत्र के लाखों नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में एम्स गोरखपुर की महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।
श्री साहू ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सेवा, सुशासन, जनकल्याण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक सहभागिता और सतत विकास के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ रहा है तथा विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की प्राप्ति हेतु जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण आधार है।

.webp)
