रतनपुर. केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने रतनपुर नगर के वार्ड क्रमांक 1 में आमजनों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान स्थानीय नागरिकों ने वार्ड स्थित प्राथमिक विद्यालय की जर्जर एवं अव्यवस्थित स्थिति की जानकारी मंत्री श्री साहू को दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी से तत्काल दूरभाष पर चर्चा कर विद्यालय की स्थिति का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र प्रारंभ करने तथा समस्या के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
वार्डवासियों द्वारा क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्र खोले जाने की मांग भी मंत्री श्री साहू के समक्ष रखी गई। इस पर उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर क्षेत्र की आवश्यकताओं एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप प्रस्ताव का परीक्षण कर आवश्यक जानकारी एवं कार्यवाही शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त नागरिकों ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत राशन वितरण में आ रही समस्याओं एवं शिकायतों से भी मंत्री श्री साहू को अवगत कराया। इस पर उन्होंने संबंधित खाद्य अधिकारी को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को समयबद्ध एवं सुचारु रूप से राशन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा समस्याओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


