बिलासपुर। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की ऐतिहासिक उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने देर रात तक बिलासपुर संसदीय क्षेत्र के विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्धजनों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों के 35 घरों में संपर्क कर संवाद किया तथा केंद्र सरकार की उपलब्धियों का पत्रक वितरित किया।
इस दौरान श्री साहू ने लोककला एवं संस्कृति क्षेत्र के वरिष्ठ कलाकार श्री अनिल गढ़ेवाल, छालीवुड अभिनेता श्री अखिलेश पांडेय, छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के प्रदेश महासचिव डॉ. मनीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ समाजसेवी श्री सुरेन्द्र चौहान, श्री प्रमोद, श्री श्रीनिवास राव, श्री नरेश लिखवानिया, श्री कैलाश रजक, श्री गुरप्रीत सिंह चंचल, श्री बबुआ सिंह एवं श्री एस. दास,
सुरेंद्र चौहान सहित अभिनेता, खिलाड़ी, राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता, समाजसेवी, लोककला एवं संस्कृति, धार्मिक तथा प्रोफेशनल वर्ग के अनेक प्रबुद्धजनों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों से मुलाकात कर प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प पर संवाद किया।
श्री साहू ने कहा कि आज भारत की प्रगति की ऐसी ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उपलब्धियां दुनिया के सामने हैं, जिन्हें देखकर प्रत्येक भारतवासी गौरव का अनुभव करता है। वर्ष 2014 से 2026 तक की विकास यात्रा ने भारत को एक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और सुरक्षित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का स्पष्ट मंत्र है कि "विकास हमारे लिए 24 घंटे, सप्ताह के 7 दिन, वर्ष के 12 महीने और देश के हर कोने में चलने वाला मिशन है।" यही कारण है कि सरकार ने केवल घोषणाएं नहीं कीं, बल्कि एक नई कार्यसंस्कृति विकसित की, जहां शिलान्यास के साथ समयबद्ध रूप से कार्यों का लोकार्पण भी सुनिश्चित किया गया।
श्री साहू ने कहा कि 26 मई 2014 से 12 जून 2026 तक के 4,399 दिनों की सतत जनसेवा यात्रा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में 25 करोड़ से अधिक लोग बहुआयामी गरीबी से बाहर आए हैं, जबकि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के घर उपलब्ध कराए गए हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 60 करोड़ से अधिक नागरिकों को ₹5 लाख तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराई गई है। महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में 3 करोड़ से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बनकर आत्मनिर्भर भारत की नई पहचान बनी हैं।
श्री साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से 57 करोड़ से अधिक ऋण वितरित कर युवाओं, महिलाओं और छोटे उद्यमियों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए गए हैं। वहीं स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत 12 करोड़ से अधिक शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता के साथ महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा को भी सुनिश्चित किया गया है।
उन्होंने कहा कि भारत का निर्यात ₹79 लाख करोड़ से अधिक के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा है, जिससे भारत वैश्विक व्यापार का एक महत्वपूर्ण केंद्र बनकर उभरा है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का दायरा तीन गुना से अधिक बढ़ा है तथा करोड़ों नागरिकों को बीमा, पेंशन और सुरक्षा कवच से जोड़ा गया है।
रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश का रक्षा निर्यात ₹38,400 करोड़ के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुका है। वहीं वंदे भारत, अमृत भारत, नमो भारत (RRTS), एक्सप्रेस-वे, आधुनिक रेलवे नेटवर्क तथा अन्य अधोसंरचना परियोजनाओं ने देश की कनेक्टिविटी को नई गति प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया अभियान के कारण भारत आज डिजिटल भुगतान में विश्व का अग्रणी देश बन गया है। यूपीआई लेन-देन में 12,000 गुना वृद्धि के साथ ₹314 लाख करोड़ से अधिक का डिजिटल भुगतान दर्ज किया गया है, जो भारत की डिजिटल क्रांति का प्रतीक है।
साहू ने कहा कि कभी हिंसा और भय का प्रतीक रहा रेड कॉरिडोर आज विकास, निवेश और ग्रीन ग्रोथ के नए अवसरों का केंद्र बन रहा है। केंद्र सरकार की दृढ़ नीति, सुरक्षा बलों के पराक्रम और विकासोन्मुखी योजनाओं के कारण नक्सलवाद पर ऐतिहासिक प्रहार हुआ है और प्रभावित क्षेत्रों में विकास की नई धारा प्रवाहित हुई है।
इस अवसर पर श्री साहू ने सभी प्रबुद्धजनों एवं प्रभावशाली व्यक्तियों को केंद्र सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों का पत्रक वितरित करते हुए विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया। उपस्थित जनों ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की सराहना करते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में अपनी सक्रिय सहभागिता का विश्वास व्यक्त किया।


