आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री एवं बिलासपुर लोकसभा सांसद तोखन साहू ने ग्राम लारीपारा, विकासखंड कोटा, जिला बिलासपुर में आयोजित जनसंपर्क कार्यक्रम में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट की तथा स्थानीय समस्याओं एवं विकास संबंधी आवश्यकताओं पर चर्चा की।
इस दौरान क्षेत्रवासियों की मांग को ध्यान में रखते हुए मंत्री श्री साहू ने सामुदायिक भवन निर्माण हेतु ₹10 लाख की राशि प्रदान किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक अधोसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
इसके पश्चात मंत्री साहू ने माननीय मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की मंशानुरूप कोटा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बानाबेल में आयोजित “सुशासन तिहार” कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान आमजन से प्राप्त मांग एवं शिकायत संबंधी आवेदनों की समीक्षा कर अधिकारियों को त्वरित एवं प्रभावी निराकरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को चेक एवं कार्ड वितरित किए गए।
शिविर में कुल 169 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 152 मांग संबंधी एवं 17 शिकायत संबंधी प्रकरण शामिल रहे। इनमें से मांग संबंधी 17 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष प्रकरणों के समाधान हेतु समय-सीमा निर्धारित की गई।
मंत्री साहू ने कहा कि शासन का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि उनका लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से गांव-गांव में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि नागरिकों को अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार गरीब, किसान, महिला, युवा एवं बुजुर्ग सभी वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। खाद्यान्न सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए देश के 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जा रहा है तथा आगामी वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए तीन माह का राशन अग्रिम रूप से उपलब्ध कराया गया है।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए मंत्री साहू ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता महिलाओं को सम्मान एवं सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी सोच के तहत घर-घर शौचालय निर्माण, उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन तथा अन्य जनहितकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया गया है।
मंत्री साहू ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मूल मंत्र के साथ जनकल्याण एवं समावेशी विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

.jpeg)
