बिलासपुर, 29 सितंबर 2026.बिलासपुर के अरपा पुल के पास स्थित प्रतिष्ठित 'वैद्यशाला आयुर्वेद चिकित्सा एवं पंचकर्म संस्थान' में 11वें राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस के पावन अवसर पर 7 दिवसीय भव्य निःशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। "स्वस्थ व्यक्ति हेतु आयुर्वेद" की थीम पर आधारित यह शिविर 28 सितंबर 2026 से शुरू होकर 4 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच संचालित हो रहा है। इस शिविर में मुख्य रूप से पाइल्स (बवासीर), फिशर (मलद्वार का छिलना) और फिस्टुला (भगंदर) जैसी गंभीर समस्याओं की जांच व चिकित्सा की जा रही है, जिसका लाभ बिलासपुर सहित आसपास के विभिन्न जिलों और ग्रामीण अंचलों से आए लोग उठा रहे हैं।
शिविर के दूसरे दिन तक लगभग 216 से अधिक रोगियों ने अपनी जांच करवाकर चिकित्सा का लाभ प्राप्त किया। इनमें लगभग 78 मरीज पाइल्स, 24 फिशर, 45 फिस्टुला, 1 एनोरेक्टल प्रोलेप्स (गुदभ्रंस) और शेष अन्य बीमारियों से पीड़ित थे। इसके अतिरिक्त, शिविर में वातरोग (घुटने, कमर, कंधे व एड़ी दर्द), त्वचा रोग, डायबिटीज, शिशु रोग और स्त्री रोग (जैसे इनफर्टिलिटी, श्वेत प्रदर व अनियमित मासिक धर्म) के मरीजों का भी आयुर्वेद विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा सफल परामर्श व उपचार किया गया। संस्थान द्वारा मरीजों को कब्ज जैसी समस्याओं और बिगड़ती जीवनशैली से बचाव के लिए जागरूकता पत्र-पत्रिकाओं का निःशुल्क वितरण भी किया जा रहा है।
वैद्यशाला संस्था द्वारा पिछले 12 वर्षों से एक अनूठी पहल के तहत हर शिविर में जरूरतमंद रोगियों की निःशुल्क क्षारसूत्र चिकित्सा (शल्य-क्रिया) पूरी तरह अपने खर्चे पर कराई जाती है, जो महर्षि सुश्रुत की प्राचीन पद्धति पर आधारित है। इस शिविर में लगभग 7 अनुभवी और विशेषज्ञ चिकित्सक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, जिनमें डॉ. मनोहर जी. टेकचंदानी, डॉ. विमल शर्मा, डॉ. किरण वर्मा, डॉ. मोनिष्का शर्मा, डॉ. चंचला तिवारी, डॉ. ऋचा सोनी और संस्थान के संस्थापक डॉ. मनोज चौकसे शामिल हैं। शिविर में भाग लेने और अग्रिम पंजीयन के लिए मरीज संस्थान के फोन नंबर (07752-412224, 455551, 455552) या मोबाइल नंबर (86028-11002) पर संपर्क कर सकते हैं।


