केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने चांपा में हुए अमृत भारत स्टेशन उद्घाटन समारोह में की सहभागिता एवं बिलासपुर में शाला प्रवेश महोत्सव एवं शपथ ग्रहण समारोह में भी की सहभागिता,अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे अवसंरचना को मिली नई गति, विकसित भारत के निर्माण में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका : साहू

copyright

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने चांपा में हुए अमृत भारत स्टेशन उद्घाटन समारोह में की सहभागिता एवं बिलासपुर में शाला प्रवेश महोत्सव एवं शपथ ग्रहण समारोह में भी की सहभागिता,अमृत भारत स्टेशन योजना से रेलवे अवसंरचना को मिली नई गति, विकसित भारत के निर्माण में निभाएगी महत्वपूर्ण भूमिका : साहू



बिलासपुर/चांपा (छत्तीसगढ़), 16 जुलाई 2026.भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री  तोखन साहू चांपा रेलवे स्टेशन में माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित अमृत भारत स्टेशन योजना के उद्घाटन समारोह में सम्मिलित हुए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह केवल रेलवे स्टेशनों के उद्घाटन का अवसर नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।





 साहू ने माननीय प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी एवं रेल मंत्री  अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी नेतृत्व में भारतीय रेलवे आधुनिक, सुरक्षित, विश्वस्तरीय एवं यात्री-केंद्रित परिवहन प्रणाली के रूप में निरंतर विकसित हो रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे देश की अर्थव्यवस्था, उद्योग, व्यापार, पर्यटन एवं सामाजिक विकास की आधारशिला है और अमृत भारत स्टेशन योजना इसके आधुनिकीकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है।




उन्होंने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में रेलवे विकास अभूतपूर्व गति से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2025-26 में लगभग ₹6,925 करोड़ तथा वर्ष 2026-27 में लगभग ₹7,470 करोड़ का रेलवे बजट राज्य को प्राप्त हुआ है, जो वर्ष 2014 की तुलना में कई गुना अधिक है। राज्य के 32 रेलवे स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत पुनर्विकास किया जा रहा है तथा रेलवे नेटवर्क का शत-प्रतिशत विद्युतीकरण पूर्ण हो चुका है। नई रेल लाइनों, दोहरीकरण, तीसरी-चौथी लाइन, ओवरब्रिज तथा यात्री सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।


श्री साहू ने कहा कि बालोद, चांपा एवं सरोना जैसे स्टेशनों का आधुनिक स्वरूप यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय व्यापार, पर्यटन एवं आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगा। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों में दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएँ, आधुनिक प्रतीक्षालय, डिजिटल सूचना प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छ परिसर तथा स्थानीय संस्कृति की झलक को विशेष स्थान दिया गया है।


उन्होंने बिलासपुर रेल मंडल को देश के सबसे महत्वपूर्ण रेल मंडलों में से एक बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र ऊर्जा उत्पादन, कोयला परिवहन, इस्पात उद्योग एवं औद्योगिक विकास की दृष्टि से राष्ट्रीय अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है। उन्होंने बताया कि सांसद के रूप में उन्होंने बिलासपुर संसदीय क्षेत्र में रेलवे सुविधाओं के विस्तार, नए स्टेशनों के विकास, ट्रेनों के ठहराव एवं यात्री सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास किए हैं, जिन पर केंद्र सरकार द्वारा सकारात्मक कार्यवाही की जा रही है।


 साहू ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अधिकारियों, अभियंताओं एवं कर्मचारियों को इस परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए बधाई देते हुए नागरिकों से रेलवे परिसंपत्तियों के संरक्षण एवं स्वच्छता बनाए रखने का आह्वान किया।


इसके साथ श्री साहू बिलासपुर स्थित श्री पद्मश्री ग्लोबल स्कूल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह एवं शाला प्रवेश महोत्सव में भी सम्मिलित हुए। उन्होंने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया तथा छात्र प्रतिनिधियों को उनके नवीन दायित्वों के लिए शुभकामनाएँ देते हुए उन्हें नेतृत्व, अनुशासन एवं सेवा भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।


इस अवसर पर विद्यालय के संचालक डॉ. विनोद तिवारी एवं डॉ. संजना तिवारी सहित विद्यालय परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। श्री साहू ने विद्यालय परिवार को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामनाएँ प्रेषित कीं।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
content://com.whatsapp.provider.media/item/c3877cfc-ac4a-420a-b403-abbe10652ccd content://com.whatsapp.provider.media/item/7eceb051-7fa2-4c59-b61b-4a5d53ada0f9