बिलासपुर. केन्द्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री तोखन साहू ने रविवार को विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में सहभागिता करते हुए आमजन से संवाद किया तथा समाजहित एवं जनकल्याण से जुड़े विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
साहू ने बेमेतरा में आयोजित मुख्यमंत्री कन्या सामूहिक विवाह समारोह में सहभागिता कर नवविवाहित 21 जोड़ों को शुभाशीष प्रदान किया तथा उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय दांपत्य जीवन की कामना की। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति एवं परंपराओं को जीवंत करती बैलगाड़ी से निकली बरात विशेष आकर्षण का केंद्र रही। विधायक श्री दीपेश साहू द्वारा स्वयं बैलगाड़ी के सारथी बनकर अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपराओं से गहरे जुड़ाव का परिचय दिया गया, जिसकी श्री साहू ने सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री साहू ने कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन सामाजिक समरसता, सादगी एवं पारिवारिक मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति और परंपराएं हमारी सामाजिक पहचान एवं गौरव का महत्वपूर्ण आधार हैं।
इसके पश्चात श्री साहू ने अपने संसदीय क्षेत्र बिलासपुर स्थित निज कार्यालय में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में सहभागिता कर क्षेत्रवासियों से आत्मीय भेंट की तथा उनकी समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरतापूर्वक सुना। जनदर्शन के दौरान विद्युत व्यवस्था से संबंधित प्राप्त शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए उन्होंने बिजली विभाग के अधिकारियों को व्यवस्थाओं में शीघ्र सुधार तथा आमजन को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री साहू ने अधिकारियों से कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े विषयों में संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हो सकें।
इसी क्रम में श्री साहू रतनपुर की पावन धरा पर आयोजित वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप जी की जयंती समारोह में भी सम्मिलित हुए तथा उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि महाराणा प्रताप जी का अदम्य साहस, स्वाभिमान, त्याग एवं राष्ट्रभक्ति भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है और उनका संघर्ष आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा एवं आत्मगौरव की प्रेरणा देता रहेगा।
श्री साहू ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार भारतीय संस्कृति, विरासत एवं लोक परंपराओं के संरक्षण तथा जनकल्याण के कार्यों को निरंतर प्राथमिकता देते हुए विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में कार्य कर रही है।


