copyright

केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू स्वच्छ भारत मिशन-Urban 2.0 की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक में सहभागी बने,शहरी स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन को गति देने पर मंथन,SBM-U 2.0 समीक्षा बैठक सहयोग, नवाचार एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण मंच : तोखन साहू

 


नई दिल्ली, 19 मई 2026.आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में माननीय केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल जी की अध्यक्षता में आयोजित स्वच्छ भारत मिशन-Urban (SBM-U) 2.0 की राष्ट्रीय समीक्षा बैठक में सहभागिता की। 19 एवं 20 मई तक आयोजित इस दो दिवसीय उच्चस्तरीय बैठक में देशभर के शहरी विकास मंत्री, प्रमुख सचिव, शहरी विकास विभागों के सचिव, राज्य मिशन निदेशक, नगर निगम आयुक्त एवं विभिन्न केंद्रीय मंत्रालयों के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।








बैठक में स्वच्छ भारत मिशन-Urban 2.0 के देशव्यापी क्रियान्वयन की प्रगति, शहरी स्वच्छता, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं नागरिक सहभागिता को सुदृढ़ बनाने से जुड़े विषयों पर व्यापक समीक्षा एवं विचार-विमर्श किया गया।


राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि यह रणनीतिक समीक्षा बैठक केवल प्रगति के मूल्यांकन का मंच नहीं, बल्कि सहयोगात्मक सीख, नवाचारों एवं श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों के आदान-प्रदान का महत्वपूर्ण अवसर भी है। उन्होंने कहा कि PRAGATI (सक्रिय शासन और समय पर कार्यान्वयन) से पूर्व आयोजित यह समीक्षा बैठक स्वच्छ भारत मिशन-Urban 2.0 के अंतर्गत शहरी स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को नई गति प्रदान करेगी।


बैठक के दौरान छह विषयगत सत्रों में शहरी स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा हुई। इनमें संस्थागत क्षमता सुदृढ़ीकरण, दृश्य स्वच्छता एवं जनआंदोलन को पुनर्जीवित करना, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, संग्रहण एवं परिवहन, सामग्री पुनर्प्राप्ति सुविधाएं (एमआरएफ), विशेष अपशिष्ट प्रबंधन, आरडीएफ और अपशिष्ट-से-ऊर्जा मॉडल, जैविक अपशिष्ट प्रबंधन एवं गोबरधन (बायो-सीबीजी), और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) अपशिष्ट प्रबंधन प्रमुख विषय रहे।


बैठक में राज्यों एवं शहरी स्थानीय निकायों द्वारा अपनाए गए नवाचारों एवं सफल मॉडलों के विस्तार, संस्थागत समन्वय तथा नागरिकों के जीवन की गुणवत्ता सुधारने के लिए ठोस रणनीतियों पर सार्थक चर्चा हुई। केंद्र एवं राज्यों के बीच आयोजित संरचित संवाद में मिशन प्रदर्शन, क्रियान्वयन चुनौतियों, स्वच्छता में जनभागीदारी, GOBARdhan-CBG परियोजनाओं की प्रगति तथा राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के आगामी रोडमैप पर विचार-विमर्श किया गया।


समीक्षा बैठक की प्रमुख विशेषता “5 पी”— राजनीतिक नेतृत्व, साझेदारी, सार्वजनिक वित्त, परियोजना प्रबंधन एवं प्रदर्शन—को प्रभावी परियोजना क्रियान्वयन के मूल आधार के रूप में रेखांकित किया जाना रहा।


विभिन्न राज्यों एवं शहरों ने SBM-U 2.0 के अंतर्गत अपने सफल अनुभव एवं मॉडल साझा किए। इनमें इंदौर का सर्कुलर सिटी मॉडल, तमिलनाडु की डिजिटल परियोजना निगरानी प्रणाली, केरल के सामुदायिक स्वच्छता अभियान, भोपाल की डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था तथा गुजरात, हैदराबाद, चेन्नई एवं अहमदाबाद की अपशिष्ट प्रबंधन एवं रीसाइक्लिंग पहलें उल्लेखनीय रहीं।


अपने संबोधन में श्री तोखन साहू ने कहा कि वर्ष 2014 में माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ स्वच्छ भारत मिशन आज एक जनांदोलन का स्वरूप ग्रहण कर चुका है। उन्होंने कहा कि SBM-U 2.0 का फोकस अब कचरा मुक्त शहर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन एवं प्रयुक्त जल प्रबंधन जैसे व्यापक लक्ष्यों की ओर बढ़ चुका है।


 साहू ने साफ़ शौचालय इकाइयाँ , उपचारित जल प्रणालियों, स्रोत स्तर पर कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट संग्रहण एवं प्रसंस्करण प्रणालियों को मिशन मोड में आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने शहरी नदियों को प्रदूषण से मुक्त रखने तथा सीवेज शोधन अवसंरचना के प्रभावी संचालन को भी प्राथमिकता बताया।


बैठक के समापन पर  साहू ने माननीय केंद्रीय मंत्री  मनोहर लाल जी द्वारा दिए गए “स्वभाव स्वच्छता, संस्कार स्वच्छता” के संदेश को दोहराते हुए सभी हितधारकों एवं नागरिकों से स्वच्छता को स्थायी सामाजिक एवं व्यवहारिक मूल्य बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, स्वस्थ एवं सतत शहर विकसित भारत के संकल्प की आधारशिला हैं और केंद्र सरकार इस दिशा में राज्यों के साथ मिलकर निरंतर कार्य कर रही है।

Post a Comment

0 Comments
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.
content://com.whatsapp.provider.media/item/c3877cfc-ac4a-420a-b403-abbe10652ccd content://com.whatsapp.provider.media/item/7eceb051-7fa2-4c59-b61b-4a5d53ada0f9